आवास योजना में अनियमितता पर तीन जेई निलंबित
- शिकायत पर डीएम ने की कार्रवाई
- धनराशि की रिकवरी की तैयारी कर रहा डूडा
संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान। नगर पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना की धनराशि का बंदरबांट करने वाले तीन अवर अभियंताओं को डीएम सौम्या अग्रवाल ने निलंबित कर दिया है। डीएम ने धनराशि की रिकवरी लाभार्थियों से करने का निर्देश दिया है।
नगर पंचायत में अवर अभियंताओं ने पात्रों का फर्जी जियो टैग कर आवास की धनराशि का बंदरबांट कर लिया था। इसकी शिकायत सभासद सूरजमुखी, निशा यादव व दिनेश स्वर्णकार ने डीएम से की थी। दिनेश ने बताया कि नगर पंचायत में तमाम लोगों को आवास योजना का पात्र बनाते हुए निर्माण के लिए एक या दो किस्त भी निकाल ली गई। लेकिन निर्माण कार्य नहीं कराया गया। परियोजना प्रबंधक डूडा चंद्रभान वर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर टीम गठित कर जांच कराई गई। जिसमें नगर पंचायत में तैनात रहे अवर अभियंता रनदीप यादव व उदय शुक्ला के कार्यकाल में तमाम अनियमितताएं सामने आईं। जबकि वर्तमान में नगर पंचायत में तैनात अवर अभियंता जेके चौधरी द्वारा एक आवास का गलत जिओ टैग करने का मामला प्रकाश में आया। बताया कि तीनों अवर अभियंताओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। धनराशि की रिकवरी लाभार्थियों से करने की तैयारी की जा रही है।