गौर। मनरेगा योजना के तहत गांवों में काम करने वाले 2607 मनरेगा मजदूरों ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 100 दिन काम पूरा कर लिया है। अन्य मजदूरों का भी लक्ष्य पूरा कराने के लिए बीडीओ केके सिंह ने सभी सचिवों एवं ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया है।
गौर विकास खंड में कुल 108 ग्राम पंचायतों में 37036 जॉब कार्ड धारक हैं। मनरेगा योजना के तहत जॉब कार्ड धारकों को गांव में रोजगार मुहैया कराया जा रहा है। कंप्यूटर ऑपरेटर प्रेम नारायन ने बताया कि वित्तीय वर्ष में 2607 मनरेगा मजदूरों ने सौ दिन काम पूरा कर लिया है। जबकि 6244 मजदूरों ने 80 दिन काम किया हैं। उन्होंने बताया कि जो मजदूर 100 दिन काम पूरा करने के करीब हैं, उन्हें इस वित्तीय वर्ष में काम देकर लक्ष्य पूरा कराया जा रहा है।
ब्लॉक सभागार में होने वाली साप्ताहिक समीक्षा बैठक में बीडीओ की ओर से सभी सचिवों, ग्राम प्रधानों और रोजगार सेवकों को निर्देशित किया जा रहा है। हर हाल में मास्टर रोल निकालकर गांव में काम देने की हिदायत दी जा रही है, जिससे मजदूरों को बाहर न जाना पड़े।
बीडीओ केके सिंह ने बताया कि कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक कर हर सप्ताह मनरेगा योजना का फीडबैक लिया जाता है। योजना के तहत गांव में मजदूरों को काम दिलाने के के लिए निर्देशित किया गया है। कुछ मनरेगा मजदूरों ने 100 दिन का काम पूरा कर लिया है। जबकि कुछ और मजदूर जल्द सौ दिन का काम पूरा करने वाले हैं।