बस्ती। ग्रामीण अंचल में दुर्गा पूजा समारोह की रौनक बढ़ गई है। इस बार 1961 प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। हर्रैया, भानपुर, बनकटी, बभनान, सोनहा आदि कस्बों में पूजा पंडालों की निगरानी बढ़ा दी गई है।
सभी थानेदार और सीओ स्तर के अधिकारी क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा का जायजा ले रहे हैं। इसके अलावा विसर्जन को लेकर भी प्रशासन की तैयारी शुरू हो गई है। ग्रामीण अंचल की प्रतिमाएं नजदीकी सरोवर या नदी के तटों पर विसर्जित की जाएंगी। प्रशासन एवं पुलिस के समन्वय से ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक विसर्जन स्थल पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
एसपी ओमवीर सिंह मातहत अफसरों को रोजाना सजग कर रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी सीओ और थानाध्यक्ष अपने क्षेत्र विसर्जन स्थल का निरीक्षण करें। तहसील एवं नगर पंचायत प्रशासन से समन्वय स्थापित कर घाट पर सभी तरह के इंतजाम समय से पहले सुनिश्चित कराए जाएं ताकि विसर्जन के दौरान किसी तरह की कठिनाई न होने पाए।
बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिमाएं दशमी के दिन विसर्जित की जाती हैं। इस बार दशमी तिथि 20 अक्तूबर को मंगलवार है। इसलिए कुछ जगहों पर 21 अक्तूबर को प्रतिमा विसर्जित की जाएंगी।
कोट:::ग्रामीण क्षेत्र से लेकर शहरी क्षेत्र में दुर्गा पूजा समारोह को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है। विसर्जन के दिन ज्यादा सक्रियता बरती जाएगी। इसके लिए सभी सीओ और थानेदार को निर्देश दिए जा चुके हैं। -ओमवीर सिंह, एसपी।