बस्ती। जिला महिला अस्पताल बस्ती में चिकित्सकीय और मेडिकोलीगल कार्य करने के लिए अन्य अस्पतालों से रोस्टर वार 16 महिला चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके लिए बाकायदा चिकित्सकों के लिए तारीख निर्धारित की गई है। जिसमें एक से दो दिन ड्यूटी करेंगी। बाकी अन्य दिन मूल तैनाती स्थल पर सेवा देंगी।
महिला अस्पताल में पिछले कुछ समय से महिला चिकित्सकों की कमी हो गई है, जिससे ओपीडी, इमरजेंसी से लेकर मेडिकोलीगल सेवा प्रभावित हो रही है। सीएमएस महिला अस्पताल डॉ. अनिल कुमार ने सीएमओ को पत्र लिखकर उनके अधीन अस्पतालों से महिला चिकित्सकों की तैनाती के लिए अनुरोध किया था। समस्या के समाधान के लिए सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने 100 बेड महिला अस्पताल हर्रैया व सीएचसी/पीएचसी पर तैनात महिला चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई है। एक से 31 अक्तूबर तक एक से दो दिन चिकित्सकों को महिला अस्पताल में अपनी सेवाएं देनी हैं। रोस्टर के अनुसार निर्धारित तारीख पर यह चिकित्सक सीएमएस के अधीन कार्य करेंगे। 100 बेड महिला अस्पताल हर्रैया से डॉ. शीबा खान, डॉ. रंजू कन्नौजिया, डॉ. अनीता वर्मा, डॉ. अर्चना राय, डॉ. जान्हवी कसौधन, सीएचसी अमरौली शुमाली से डॉ. आयुषी दूबे, पीएचसी चिलवनिया से डॉ. दिव्या भाष्कर, पीएचसी एकमा से डॉ. कुमकुम राय की ड्यूटी जिला महिला अस्पताल में लगाई गई है। बताया गया कि अक्सर मेडिकोलीगल कार्य में डॉक्टरों की कमी से परेशानी होती थी, रोस्टर से ड्यूटी लगने से मेडिकल कार्य आसानी से हो सकेगा।