33000 वोल्ट की लाइन का पोल टूटने से आपूर्ति ठप
हर्रैया बभनान रोड के घाटमपुर के पास टूट गया पोल
बभनान/बस्ती। कस्बे में घाटमपुर के पास शुक्रवार की देर रात 33 हजार वोल्ट की लाइन का विद्युत पोल टूट जाने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इसके चलते क्षेत्र के उपभोक्ताओं की रात अंधेरे में कटी।
विद्युत उपकेंद्र बभनान से जुड़े पैकोलिया, गौर, दीपपुर फीडर के लगभग पांच सौ से अधिक उपभोक्ता प्रभावित हुए। बिजली उपभोक्ता भूपेंद्र, दिनेश सोनी, गौरव गुप्ता, आशीष पांडेय, अभिषेक कसौधन कहते हैं बारिश या हल्की हवा चलने पर भी बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है, जिसे ठीक कराने में विभाग के चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसे में पोल गिर गया, आपूर्ति कब बहाल होगी कुछ कहा नहीं सकता है। कहते हैं कि गर्मी व उमस के चलते बच्चे व बुजुर्ग सबसे अधिक परेशान हैं, लाइट न होने के चलते घर की महिलाएं घरेलू काम नहीं कर पा रही हैं। इस संबंध में एसडीओ लाल बहादुर यादव कहते हैं कि आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्दी सप्लाई चालू हो जाएगी।
चौराहे पर लगा हाईमास्ट खराब
वाल्टरगंज। कस्बे के बेलहरा चौराहे पर लगा हाईमास्ट कई वर्षों से खराब पड़ा है। इसके चलते यह चौराहा दिन ढलने के बाद अंधेरे में डूब जाता है। यही हाल बक्सई चौराहा, देईपार ब्लॉक रोड संल्टौआ, रुद्रपुर, नहरिया, मानिकचंद, पिपराजप्ती, दसिया, मुगरहा सहित अन्य स्थानों पर लगे हाईमास्ट लाइट का है। क्षेत्र के कृपाशंकर श्रीवास्तव, संतोष तिवारी, मनोज रघुवंशी, गोविंद राठौर, शशिकांत सिंह, राम प्रताप चौधरी सहित अन्य लोगों ने इन हाईमास्ट को ठीक कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी सदर श्रीप्रकाश शुक्ला ने कहा कि संबंधित विभागों को निर्देशित कर ठीक कराया जाएगा।