चीनी बननी शुरू, जेनसेट से बिजली आपूर्ति
अब तक 30 हजार क्विंटल से ज्यादा की हो चुकी पेराई
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती/मुंडेरवा। नवनिर्मित शुगर मिल में सोमवार की सुबह चीनी बनने लगी है। अब तक कुल तीस हजार क्विंटल से अधिक की गन्ना पेराई मिल ने की है। सोमवार को ट्रांसफार्मर का पूजन कर महाप्रबंधक ब्रजेंद्र द्विवेदी ने शुभारंभ किया। इसके बाद मिल में बिजली सप्लाई के लिए ग्रिड से जोड़ दिया। शुगर मिल चलाने के लिए पांच जेनसेट लगाए गए हैं।
बताया कि रात में ट्रासफॉर्मर को चार्ज कर लिया जाएगा और ग्रिड से बिजली लेकर नवनिर्मित शुगर मिल चलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि मिल में दो हजार क्विंटल गन्ना डंप किया गया, जिसकी पेराई सोमवार को रात में होगी। जीएम ने बताया कि गन्ने की कमी के कारण पेराई रुक-रुक कर चल रही है। 19 केंद्रों का गन्ना फ्री होने के बावजूद पर्याप्त मात्रा में गन्ना उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इस मौके पर पूर्व जीएम आरपी सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर सुरेव सिंह चौहान, चीफ इंजीनियर विजय कुमार सिंह, रवि प्रभाकर, अरविंद श्रीवास्तव, संतोष कुमार, बजरगी चौधरी, दुर्गा कुमार, धीरेन्द्र कुमार, धीरेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।
जूस पिलाकर एसडीएम ने समाप्त कराया अनशन
वाल्टरगंज। गोविंद नगर शुगर मिल पर वेतन व किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान सहित अन्य मांगों को लेकर बीस दिन तक चला अनशन सोमवार को समाप्त हो गया। भूख हड़ताल पर बैठे राम प्रकाश चौधरी व भाकियू जिलाध्यक्ष राम मनोहर चौधरी को एसडीएम सदर श्रीप्रकाश शुक्ल ने जूस पिलाकर आंदोलन समाप्त करवाया। जिलाध्यक्ष राम मनोहर चौधरी ने बताया कि क्षेत्र के गन्ना किसान, श्रमिक मिल चलाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर किसान व श्रमिक आंदोलन कर रहे थे। जिला प्रशासन से वार्ता के क्रम में श्रमिकों का आंशिक भुगतान 25 लाख रुपये सोमवार को कर दिया गया। जिला पंचायत सदस्य राम प्रकाश चौधरी ने कहा कि प्रशासन ने 15 मई तक अवशेष बकाया भुगतान का आश्वासन दिया है। इस मौके पर डीसीओ रंजीत कुमार निराला तथा तहसीलदार पवन जायसवाल सहित तमाम किसान श्रमिक व अन्य मौजूद रहे।