15 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने ही लिया ओटीएस का लाभ
बस्ती। विद्युत निगम के एकमुश्त समाधान योजना धीमी गति से चल रही है। 21 अक्तूबर से शुरू हुए योजना के 27 दिनों के दौरान केवल 15 फीसदी उपभोक्ता ही इसका लाभ उठा सके। जबकि इसका लाभ बकाएदारों तक पहुंचाने के लिए जिले के सभी 36 विद्युत उपकेंद्रों पर प्रतिदिन शिविर लगाया जा रहा है। यह योजना 30 नवंबर तक संचालित की जाएगी।
विद्युत वितरण मंडल में चार वितरण खंड आते हैं। इन वितरण खंडों में करीब 313191 उपभोक्ताओं को ओटीएस में लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है। लक्ष्य प्राप्ति के लिए वितरण मंडल योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार में जुटा हुआ है। इसके लिए अन्य सरकारी विभागों से भी मदद ली जा रही है। फिर भी उपभोक्ता इसमें लाभ लेने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। वितरण खंड प्रथम में 81694, द्वितीय में 122266, तृतीय में 87327 व हर्रैया में 103598 उपभोक्ताओं को लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है। लक्ष्य के सापेक्ष ग्रामीण वितरण खंडों ने करीब 15 और नगरीय क्षेत्र में करीब 22 प्रतिशत की प्रगति हासिल हुई है।
अधीक्षण अभियंता आरबी कटियार ने बताया कि एक उपकेंद्र के तहत दो शिविर लगाए जा रहे हैं। इस प्रकार जिले में प्रतिदिन 72 शिविरों को आयोजन किया जा रहा है। जागरूकता के लिए प्रचार वाहन, सोशल मीडिया, बैनर व पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि योजनांतर्गत उपभोक्ताओं का ब्याज माफ किया जा रहा है।