दो एडीओ सहित 14 कर्मी रहे अनुपस्थित
बस्ती। विकास भवन में स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण सोमवार को सीडीओ डॉ. राजेश प्रजापति ने किया। डीपीआरओ कार्यालय में संबद्ध दो सहायक विकास अधिकारी पंचायत सहित विभिन्न विभागों के कुल 14 कर्मी अनुपस्थित पाए गए। सभी का एक दिन का वेतन काटने तथा स्पष्टीकरण का निर्देश सीडीओ ने संबंधित विभागाध्यक्षों को दिया है।
सुबह पौने ग्यारह बजे सीडीओ प्रभारी डीडीओ राम दुलारे और उपायुक्त श्रम रोजगार इंद्रपाल सिंह यादव के साथ सबसे पहले डीडीओ कार्यालय पहुंचे। यहां सभी अधिकारी तथा कर्मी उपस्थित पाए गए। इसके बाद बाल विकास परियोजना कार्यालय में अधिकारी पहुंचे। यहां भी स्थिति ठीक पाई गई। अधिकारी इसी तल के डीपीआरओ कार्यालय पहुंचे तो यहां विभाग से संबद्ध दो सहायक विकास अधिकारी पंचायत अनुपस्थित थे। इसके बाद अनुसूचित जाति वित्त विभाग, जिला युवा कल्याण अधिकारी, सहायक अभियंता लघु के कार्यालय का बारी-बारी से निरीक्षण हुआ। यहां सभी कर्मी उपस्थित पाए गए। थोड़ी-बहुत कमियों को दूर करने का सीडीओ ने निर्देश दिया।
डीआरडीए में कनिष्ठ लेखा लिपिक और दो चतुर्थ श्रेणी कर्मी अनुपस्थित मिले। इसके बाद यह लोग सहकारिता में पहुंच गए। वहां सह कृषि पर्यवेक्षक और सहायक पर्यवेक्षक पीसीएल के अलावा उनके दो सहयोगी भी अनुपस्थित पाए गए। ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग में कनिष्ठ सहायक 18 जून के अलावा तीन कनिष्ठ तथा एक ट्रक चालक अनुपस्थित पाए गए। इसके अलावा उप श्रमायुक्त कार्यालय में सहायक लेखाकार तथा अनुसेवक, पशुपालन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मी, गन्ना विभाग में दो कनिष्ठ लिपिक अनुपस्थित पाए गए। इन स्थितियों को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है।