12 साल के बालक का अपहरण, मांगी 50 लाख की फिरौती
बस्ती। रुधौली कस्बे से शनिवार शाम घर से सब्जी लेने निकला बारह साल का बालक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिवार के लोग बाजार में पहुंचे तो पता चला कि उसे कोई बाइक सवार लेकर गया है। इसी बीच पचास लाख की फिरौती का फोन आने पर परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
कस्बा निवासी अशोक कसौधन की रुधौली तहसील मुख्यालय पर कपड़े की दुकान है। उनका 12 वर्षीय बालक अखंड कसौधन शनिवार शाम करीब 4:30 बजे सब्जी लेने के लिए घर से निकला। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग उसे बुलाकर अपने दो पहिया वाहन में बैठा कर चले गए। इसी बीच थाना क्षेत्र के सेखुइया चौराहे के पास बड़ापास व चाय की दुकान चलाने वाले शिवा के मोबाइल से अशोक के मोबाइल पर फोन आया। कहा कि तुम्हारा लड़का मेरे कब्जे में है। अगर बच्चा चाहिए तो 50 लाख रुपये दे दो। यह सुनते ही पिता अचंभित हो गए और घटना की जानकारी रुधौली पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्र ने मोबाइल की सर्विलांस के माध्यम से फोन आए हुए नंबर से लोकेशन पता किया, तो पता चला कि वह सेखुइया चौराहे पर शिवा का है। पुलिस ने शिवा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शिवा ने बताया कि एक अनजान व्यक्ति मेरे दुकान से नमकीन का पैकेट खरीदा और कहा कि भाई साहब एक जरूरी काल करनी है। अपना फोन दे दे। इस पर उसने फोन दे दिया। वह फोन कहां किया, इसकी जानकारी नहीं है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बाइक सवार के निकलने के रास्तों पर पुलिस की टीम रवाना कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज भी निकलवाई जा रही है।