बस्ती। 24 घंटे पहले जिले के 16 में से 13 थानेदारों को फेंटने के दूसरे दिन भी ‘आपरेशन तबादला’ के तहत भारी उलटफेर किया गया। क्राइम ब्रांच का काया-पलट करने के साथ ही एसपी ने पूरी स्वॉट टीम भंग कर दी।
स्वॉट टीम के स्टाफ को थानों व अन्य स्थानों पर पोस्ट कर दिया गया है। बड़े पैमाने पर किए गए इस ट्रांसफर में एएसपी के रीडर समेत सभी सीओ के पेशकार बदल दिए गए। ज्यादातर थानों के हेड मोहर्रिर भी इधर से उधर कर दिए गए हैं। एसपी कार्यालय के विभिन्न शाखाओं के साथ ही एसपीओ कार्यालय में भी बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं।
पैकोलिया थाने पर तैनात रहे उमेशधर द्विवेदी को एएसपी का रीडर बनाया गया है। मुरारी पांडेय को सीओ सिटी का रीडर, राम मिलन यादव को रुधौली, कलाधर दूबे को सीओ कलवारी का रीडर नियुक्त किया गया है। संत प्रसाद यादव को सदर मालखाना का इंचार्ज बनाया गया है।
स्वॉट टीम में रहे अरविंद कुमार, आदित्य पांडेय, सदानंद यादव, छोटे लाल, मनोज राय, आनंद यादव को क्राइम ब्रांच के इंटेलीजेंस सेल में तैनात किया गया है। जबकि मणींद्र प्रताप चंद को पुरानी बस्ती और अजय यादव को नगर थाने और हरेंद्र यादव को कोतवाली में तैनाती दी गई है।
एडजेस्ट करने का दांव
पुलिस कार्यालय सहित कई अनुभाग में एडजेस्ट करने की कोशिश की गई है। मसलन सर्विलांस सेल से साइबर सेल और साइबर से सर्विलांस सेल में तैनाती के अलावा स्वॉट टीम का इंटेलीजेंस सेल में शिफ्टिंग भी इसी कोशिश का हिस्सा बताया जा रहा है। एसपी संकल्प शर्मा का कहना है कि शासनादेश के अनुपालन में यह तबादले किए जा रहे हैं। एसपी ने अभी और फेरबदल से इनकार नहीं किया है। पूरे महकमे का काया-पलट होने के बावजूद जुगाड़ वालों का अब भी बोलबाला है। पूर्णतया प्रतिबंधित होने के बावजूद तबादलों में तब्दीली व अटैचमेंट का खेल अब भी खूब चल रहा है।