बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के सेल्हरा घाट के पास कुआनो नदी में 17 फरवरी 2025 को इंटर की एक छात्रा का शव मिलने के मामले में 10 माह बाद नया मोड़ आ गया है। कोर्ट के आदेश पर छात्रा की मां की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार को ठुककुइया निवासी गंगासरन, सरोजनी व दो अज्ञात पर एफआईआर दर्ज कर नए सिरे से तफ्तीश शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, 17 फरवरी की सुबह सेल्हरा गांव स्थित कुआनो नदी के घाट पर एक छात्रा का शव उतराया हुआ मिला था। उसने स्कूली ड्रेस पहन रखी थी। उसकी पहचान इसी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली के रूप में हुई थी। वह 11 फरवरी से घर से लापता थी। छात्रा के पिता ने 12 फरवरी को लालगंज थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पिता ने बताया कि बेटी 12वीं की छात्रा थी और 11 फरवरी को प्रयोगात्मक परीक्षा देने गई थी। घर लौटने के बाद उसने स्कूल ड्रेस नहीं उतारा था। उसी दिन देर रात रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी। छह दिन बाद घर से करीब पांच किमी दूर कुआनो नदी के सेल्हरा घाट पर उसका शव मिला था, जबकि उसकी मां का आरोप है कि बेटी की हत्या कर शव को छिपाने के उद्देश्य से कुआनो में फेंक दिया गया था।
थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि शर्मिला देवी की तहरीर और कोर्ट के आदेश पर ठुककुइया निवासी गंगासरन, सरोजनी और दो-अज्ञात लोगों पर हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज किया गया है।