बरेली। किला थाना क्षेत्र की गढ़ी चौकी इलाके में घर के बाहर बेहोशी की हालत में मिले 19 वर्षीय राहुल की मौत हो गई। पिता का आरोप है कि चार दोस्तों ने पीटने के बाद राहुल को घर के बाहर फेंक दिया। वह उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने राहुल के चार दोस्तों के खिलाफ चोट पहुंचाने और गैर इरादतन हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रफियाबाद निवासी विनोद ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार रात नौ बजे उनका बेटा राहुल खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले रवि, जतिन, लकी, सोनू और उनके अन्य साथी उसे बुलाकर साथ ले गए। ये लोग देर रात तीन बजे खून से लथपथ राहुल को बेहोशी की हालत में घर के दरवाजे पर फेंक कर चले गए। दरवाजे से कुछ दूरी पर उसकी चप्पलें पड़ीं थीं। परिजनों ने राहुल को घर के अंदर लिटाया तो उसके सिर समेत शरीर पर चोटों के निशान दिखे। शुक्रवार सुबह राहुल की हालत और बिगड़ गई। परिजन उसे ई-रिक्शा से जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता का आरोप है कि चारों दोस्तों ने राहुल की रातभर पिटाई की और बेहोशी की हालत में घर के बाहर फेंक गए। मां गीता ने बताया कि दो वर्ष पहले जब वह लोग दिल्ली में काम करने चले गए थे, तब राहुल का सोनू, लकी, रवि और जतिन से विवाद हो गया था। बाद में फिर दोस्ती हो गई। शक है कि पुरानी रंजिश के चलते उनके बेटे को बुलाकर पिटाई की गई और उसकी हत्या कर दी गई।
पोस्टमाॅर्टम में सिर में गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव की वजह से राहुल की मौत होने की पुष्टि हुई है। परिजनों का कहना है कि राहुल कारीगरी करता था। उसके पिता रिक्शा चलाते हैं। राहुल कभी-कभार शराब भी पीता था।
वर्जन
तहरीर के आधार पर मृतक के चार दोस्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज व अन्य माध्यमों के जरिये जांच की जा रही है। दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। - नितिन कुमार, सीओ द्वितीय