फतेहगंज पश्चिमी। मोहल्ला सराय नई बस्ती निवासी यासीन (45) की रविवार को मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने झोलाछाप पर गलत इलाज का आरोप लगाया तो वह दुकान बंद करके भाग गया।
अजीम ने बताया कि चाचा यासीन शनिवार को रिश्तेदार के घर से लौटे थे। उनको अचानक खांसी और बुखार हो गया। उन्होंने मोहल्ले में एक झोलाछाप से ही दवा ले ली। आराम न मिलने पर झोलाछाप को घर बुलाया। आरोप है कि झोलाछाप ने रक्तचाप आदि की जांच किए बिना ही यासीन को ग्लूकोज चढ़ा दिया। इसके 15 मिनट बाद ही यासीन की जान चली गई। लोगों की सलाह पर परिजन यासीन को रविवार देर रात बरेली के एक निजी अस्पताल में ले गए। चिकित्सकों ने यासीन को मृत घोषित कर दिया। वहां यासीन के सिर का सीटी स्कैन किया गया। रिपोर्ट में ग्लूकोज के धब्बे सामने आए। चिकित्सकों ने बताया कि रक्तचाप बढ़ने से मौत हुई है।
अजीम के मुताबिक, इस झोलाछाप के इलाज से एक लड़की समेत अन्य लोगों की भी जान जा चुकी है। प्रकरण की सूचना पुलिस को दी गई, पर पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम नहीं कराया। चर्चा है कि झोलाछाप और परिजनों के बीच समझौता हो गया है। चौकी प्रभारी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। इस कारण कार्रवाई नहीं की गई है।