उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में ग्राम समाज की आधा बीघा जमीन को लेकर विवाद के चलते विरोधी पक्ष के लोगों ने रजुआपुर (राजूपुर) गांव के युवक की बंदूक की बट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हमलावरों की पिटाई से युवक का भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
आरोप है कि हमलावरों ने घर में लूटपाट और दहशत फैलाने के लिए खुलेआम फायरिंग की। मामले में 17 लोगों के खिलाफ हत्या, बलवा और लूटपाट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, जिसमें 14 लोग नामजद हैं।
सनसनीखेज वारदात मंगलवार सुबह लगभग छह बजे रजुआपुर गांव में हुई। रजुआपुर के राजीव वर्मा (37) अपने घर के दरवाजे पर अलाव जलाकर सेंक रहे थे। भतीजी सरिता ने बताया कि वह उसका भाई अवधेश और छोटी बहन व अन्य बच्चे घर में थे।
तभी पड़ोस के गांव खिरिया माल निवासी प्रतिपाल सिंह के परिवार के एक दर्जन से अधिक लोग हाथों में असलाह लिए घर में घुस आए। इसके बाद उन्होंने लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर अवधेश को बंदूक की बट से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने अवधेश के चाचा राजीव वर्मा को पीटा और खींचकर घर से काफी दूर ले गए।