बरेली। जिले में वीबी-जीरामजी से जुड़े श्रमिकों के सामने रोजगार का संकट है। नवंबर के शुरुआती 20 दिन उनके लिए काम के लिहाज से शून्य रहे। इस दौरान एक भी मानव दिवस का सृजन नहीं हो सका। अब सभी 15 ब्लॉकों में 23 से 30 नवंबर तक विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के तहत दो लाख से अधिक मानव दिवस सृजित करने का लक्ष्य है।
पीडी डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव के अनुसार, शासन स्तर से ही एक से 20 नवंबर तक शून्य अवधि घोषित की गई है। अब इसकी भरपाई के लिए जिले में 23 से 30 नवंबर तक विशेष रोजगार सृजन सप्ताह चलाया जाएगा। इस दौरान वीबी-जीरामजी योजना के तहत 2,85,120 मानव दिवस सृजित करने का लक्ष्य है। इसके लिए जिले के सभी 15 ब्लॉकों को अलग-अलग लक्ष्य आवंटित किए गए हैं।
नवाबगंज ब्लॉक को सर्वाधिक 41,976, भुता को 28,994, भदपुरा को 22,802, बहेड़ी को 20,252 और शेरगढ़ को 19,461 मानव दिवस सृजित करने का लक्ष्य दिया गया है। क्यारा ब्लॉक को सबसे कम 6,061 मानव दिवस सृजन का लक्ष्य दिया गया है। सप्ताह के तहत सभी ग्राम पंचायतों में जल सुरक्षा से संबंधित पांच-पांच कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक ब्लॉक में आजीविका से जुड़े पांच और बुनियादी ढांचे से संबंधित 10 कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं।