उसहैत कस्बे में करीब एक माह से जर्जर हाईटेंशन लाइन को बदलने का कार्य चल रहा था। इसका ठेका एक कार्यदायी संस्था को दिया गया है। सोमवार दोपहर एक बजे थाना क्षेत्र के गांव बछेली निवासी मजदूर पप्पू (25) पुत्र प्रकाश उसहैत कस्बे के वार्ड नंबर दो में विद्युत पोल पर चढ़कर लाइन को बदल रहा था। इसके लिए विद्युत उपकेंद्र से शटडाउन लिया गया था।
आरोप है कि इसी बीच विद्युत उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। जिससे मजदूर करंट की चपेट में आ गया। करंट से मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। विद्युत निगम के अधिकारियों को सूचना दी गई। बिजली आपूर्ति बंद कराकर मजदूर का शव पोल से उतरा गया है। परिजनों ने विद्युत उपकेंद्र के जिम्मेदारों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मजदूर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।