बरेली। जिले की 1193 ग्राम पंचायतों के सामुदायिक शौचालयों की सफाई करने वाली ही महिला कर्मियों को चार महीने से वेतन नहीं मिला। ‘हक की बात जिलाधिकारी के साथ’ कार्यक्रम में पहुंची एक महिला कर्मचारी परिवार के भरणपोषण में आ रही समस्याओं का जिक्र करते हुए रो पड़ी। डीएम के सवाल पर डीपीआरओ ने बताया कि शासन से ही वेतन का पैसा नहीं मिला है।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में मिशन शक्ति 4.0 के तहत आयोजित कार्यक्रम में इटौआ केदारनाथ की महिला सफाईकर्मी ने बताया कि वह 11 महीने से सामुदायिक शौचालय की सफाई कर रही हैं। चार माह से मानदेय न मिलने से परिवार के भरणपोषण में कठिनाई आ रही है। डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने डीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि सफाई कर्मियों का मानदेय अनटाइड फंड से दिया जाता है। शासन से चार महीने का फंड जारी नहीं हुआ है। इसी कारण सभी पंचायतों में मानदेय नहीं दिया जा सका है।
महिला सफाईकर्मी को शासन से फंड मिलते ही मानदेय के भुगतान का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद 24 महिलाओं में से करीब 14 ने आवास की मांग की। डीएम ने सभी के प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को भेजकर पात्रता की जांच कराने के निर्देश दिए। डीपीओ नीता अहिरवार ने विधवा और दूसरी पेंशनों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण का आश्वासन दिया।
छेड़खानी करने वालों पर नहीं हुई रिपोर्ट
सीबीगंज की रहने वाली एक महिला ने शिकायत की कि उनकी बेटियों के साथ आए दिन छेड़खानी की जाती है। प्रार्थना पत्र के बावजूद पुलिस संज्ञान नहीं ले रही है। डीएम ने सीबीगंज थानाध्यक्ष से फोन पर बात कर शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। सीओ सेकंड श्वेता यादव को कार्रवाई के बाद जानकारी देने को कहा। नवाबगंज की एक विधवा ने पति की हत्या, जमीन, मकान पर अवैध कब्जे की शिकायत की। डीएम ने एसडीएम मीरगंज को इस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए।
दिक्कत आए तो हेल्पलाइन को बताएं
डीएम ने महिलाओं को सबल, सशक्त बनने की प्रेरणा देकर घरेलू हिंसा, दहेज के मामले में गलत बरताव या मारपीट पर 181, 1090, 112 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने को कहा। डीपीओ ने महिलाओं को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। सभी पीड़िताओं के शिकायत निस्तारण के लिए विभागों को निर्देशित किया गया। कार्यक्रम में सहायक निदेशक अभियोजन अवधेश पांडेय, पीडी डीआरडीए तेजवन्त सिंह, एसीएमओ डॉ. आरएन गिरी, श्रम परिवर्तन अधिकारी आरएल स्वर्णकार अन्य अफसर मौजूद रहे।