गांव तिगरी का मामला, घटनास्थल पर महिला के कान से कुंडल मिले गायब, मंगलवार को किराना का सामान लाने की बात कहकर गई थी बाजार
क्योलड़िया/नवाबगंज। बाजार से किराना का सामान लेने गई 61 वर्षीय महिला का शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला है। महिला के कान से सोने के आभूषण गायब मिले। यह देख परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
क्योलड़िया थाना क्षेत्र के तिगरी गांव की नरायणो देवी (61) अपने घर में किराना की दुकान चलाती थीं। उनके बेटे तेजपाल ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को वह नकटी नरायनपुर बाजार गई थीं। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। बुधवार को तेजपाल ने क्योलड़िया थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। बाद में तिगरी गांव की एक युवती ने बाबूराम के गन्ने के खेत में शव देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई। तेजपाल ने अपनी मां नरायणो देवी के रूप में शव की पहचान की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी मां के कान के आभूषण गायब हैं और उनकी हत्या कर शव खेत में फेंका गया है।
-
जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी : सीओ
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। सीओ नीलेश मिश्रा ने बताया कि महिला का शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।