फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly: 'वह निर्दोष हैं, मेरी ही गलती थी', बड़े नेता पर लगाया था दुष्कर्म का आरोप, अब बयान से पलटी महिला

Sat, 28 Jan 2023 01:53 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बरेली में निकाय चुनाव से पहले एक राजनीतिक दल के बड़े नेता पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला अपने ही पुराने बयानों से पलट गई है। महिला शनिवार दोपहर कोतवाली स्थित सीओ सिटी कार्यालय पहुंची और सीओ प्रथम श्वेता यादव को शपथपत्र सौंपकर अपने पूर्व में दिए गए बयान को खारिज कर दिया।
विज्ञापन
महिला ने सीओ सिटी को सौंपा शपथपत्र - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली में निकाय चुनाव से पहले निवर्तमान मेयर उमेश गौतम और उनके सहयोगियों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला अपने बयान से मुकर गई है। शनिवार दोपहर सीओ सिटी कार्यालय पहुंचकर उसने सीओ प्रथम श्वेता यादव को शपथ पत्र देकर अपने पूर्व के बयान से किनारा कर लिया। मीडिया से कहा कि वह किसी के प्रभाव में आकर निवर्तमान मेयर व उनके ड्राइवर पर आरोप लगा बैठी थी। उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना तो हुई है, लेकिन इससे निवर्तमान मेयर का कोई लेना-देना नहीं है। वह निर्दोष हैं, मेरी ही गलती थी। उम्मीद है कि वह उसे माफ कर देंगे।

विज्ञापन


दोपहर 12:30 बजे सीओ प्रथम को शपथ पत्र सौंपकर महिला ने कहा कि यह उसकी अंतरात्मा की आवाज है। उसने कोतवाली में सात दिसंबर को तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट कराई थी। तब वह आरोपियों को पहचान नहीं पाई थी। किसी के बरगलाने पर उसने 16 दिसंबर को कोर्ट में 164 के बयान में निवर्तमान मेयर उमेश गौतम व उनके ड्राइवर प्रमोद कुमार का नाम इस घटना में आरोपी के तौर पर ले लिया था। 

शपथपत्र देकर कहा- वे निर्दोष हैं 

महिला ने कहा कि छह दिसंबर को शाम के वक्त न तो उमेश गौतम उससे मिले थे, न ही प्रमोद कुमार। न तो उन्होंने उसे कोई टेबलेट खिलाई, न ही दुष्कर्म किया। कोर्ट में इन लोगों के खिलाफ बयान देने के बाद से उसे आत्मग्लानि हो रही है। वह इसी का शपथपत्र दे रही है कि दोनों निर्दोष हैं और उनकी इस घटना में कोई संलिप्तता नहीं है। शपथ पत्र को विवेचना में शामिल किया जाए। सीओ ने महिला को जांच का आश्वासन देकर भेज दिया।

विज्ञापन

सीओ प्रथम श्वेता यादव ने कहा कि महिला ने शपथ पत्र देकर बताया है कि निवर्तमान मेयर व उनके साथियों पर लगाए गए आरोप सही नहीं हैं। इस बारे में वह पहले जो बयान दे चुकी है, उन्हें सही न माना जाए। प्रकरण में उच्चाधिकारियों की राय व विधिक परामर्श लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

हर सवाल पर दिया स्वास्थ्य कारणों का हवाला

मीडिया के साथ बातचीत के दौरान महिला ने हर सवाल के जवाब से पहले स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया। महिला ने कहा कि मेरी खुद की तबीयत ठीक नहीं है। मेरे हार्ट का ऑपरेशन होने वाला है। मैं काफी तनाव में हूं। मेरे से खुद ही नहीं चला जा रहा है। इसलिए ऐसा आरोप लगा गई थी। फिर कहा कि किसी के दबाव या प्रलोभन में ऐसा नहीं बोल रही हूं।

मेयर के सियासी विरोधियों पर इशारा

पत्रकारों ने महिला से पूछा कि आपके एक बयान से शहर के निवर्तमान मेयर व एक विवि के कुलपति की गरिमा को ठेस पहुंची है, उन्होंने आपके खिलाफ मानहानि का केस किया तो क्या करेंगी? इस पर महिला का जवाब था कि उसे उम्मीद है कि वह उसे माफ कर देंगे। महिला ने एक सवाल के जवाब में इसे उमेश गौतम के खिलाफ राजनैतिक साजिश माना। कहा कि ऐसा हो सकता है। उससे पूछा गया कि किसके इशारे पर यह किया गया तो वह फिर टाल गई। 

गौतम बोले, मैने पहले ही कहा था मामला झूठा है

निवर्तमान मेयर उमेश गौतम ने कहा कि मैं पहले दिन से ही कह रहा था कि मामला झूठा है। षड्यंत्र के तहत यह सब किया जा रहा है। मैं पुलिस से अपील करता हूं कि षड्यंत्र करने वाले लोगों की तलाश करे और उनका सामाजिक बहिष्कार किया जाए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें