देवरनियां। थाना देवरनियां क्षेत्र के गांव राठ में शनिवार की रात एक घर में विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव व थाना हाफिजगंज निवासी सरिता देवी की शादी पांच वर्ष पूर्व थाना देवरनियां के गांव राठ निवासी सतीश गंगवार के साथ हुई थी। दंपती को कोई संतान नहीं है। पति मेहनत-मजदूरी करता है। घर में सतीश की मां चन्द्रकली और छोटा भाई प्रदीप भी रहते हैं। शनिवार सुबह मां चन्द्रकली और प्रदीप गांव कचनारी में चले गए, जबकि पति रिछा गए थे। घर में सरिता देवी (35) अकेली थी।
बताते हैं कि रात में जब चंद्रकली अपने बेटे के साथ घर आई तो बाहर आंगन में सरिता देवी पड़ी हुई थी। शोर-शराबा सुनकर पड़ोसी भी आ गए। परिजन रिछा में एक निजी डाॅक्टर के पास ले गए, जहां सरिता को मृत घोषित कर दिया, लेकिन सर्पदंश की आशंका को लेकर परिजन रामपुर जिले के कस्बा बिलासपुर ले गए, लेकिन वहां से भी मना कर दिया गया, तो परिजन शव राठ ले आए। इस दौरान विवाहिता के मायके वाले भी आ गए।
चार दिन पूर्व मायके से आई थी सरिता
सरिता चार दिन पूर्व ही अपने मायके से आई थीं। उनका एक माह पहले ऑपरेशन भी हुआ था। गांव के पूर्व प्रधान शांतिपाल गंगवार ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह धामा टीम के साथ पहुंचे और जांच-पड़ताल की। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह धामा का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद