आंवला। बाइक से गांव लौट रहे मामा-भांजे को अज्ञात बाइक सवारों ने रोक कर पिटाई लगाई और रुपये छीनकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल भिजवाया, जहां से दोनों गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बिशारतगंज के लुहारी गांव निवासी 55 वर्षीय संतोष ने बताया कि वह थाना वजीरगंज के सुरसैना गांव निवासी अपने भांजे गंगाधर के साथ बाइक द्वारा नगर से लुहारी गांव के लिए जा रहे थे। तभी अलीगंज रोड स्थित गोशाला के पास पहुंचने पर दो बाइकों पर सवार चार लोग आ गए और उनकी बाइक को टक्कर मारकर चाबी निकाल ली।
आरोप है कि बाइक सवार ने दोनों मामा-भांजे की पिटाई करने के बाद उनकी जेब में रखे पैसे भी छीन लिए। इतने में मौके पर अन्य लोगों के आ जाने पर आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद