भैया दूज के लिए जा रही थी मायके, फरीदपुर में रेलवे स्टेशन क्रॉसिंग पर हुई घटना
बरेली। फरीदपुर में बंद रेलवे क्रॉसिंग को पार कर रही 28 वर्षीय सुनीता की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सुनीता भैया दूज के लिए अपने मायके जा रही थीं।
फरीदपुर के गांव ढढू़ली में रहने वाली सुनीता और उनकी बहन ममता की शादी शाहजहांपुर के जलालाबाद में हुई थी। दोनों बहनों का इकलौता भाई राहुल है जिसका भैया दूज पर टीका करने के लिए ममता शुक्रवार को ही मायके चली गई थीं। सुनीता शनिवार को पति मनोज और एक साल के बेटे सूर्यांश के साथ मायके के लिए निकली थीं। फरीदपुर में बस से उतरने के बाद वे लोग गांव के लिए टेंपो पकड़ने के लिए पैदल बुखारा रोड के मठिया अड्डा जा रहे थे।
रास्ते में रेलवे क्रॉसिंग बंद मिली तो मनोज और सुनीता उसके नीचे से निकलकर पटरी पार करने लगे। बेटे को गोद में लेकर मनोज तो रेलवे लाइन पार गए लेकिन सुनीता की लखनऊ की ओर से आई ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया है।