बरेली में तीन तलाक का मामला सामने आया है। विवाहिता ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने उसे पीटा। तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। विवाहिता ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक महिला के देवर की शादी में अधिक दहेज मिला तो पति और ससुरालवालों ने उसे घर से निकाल दिया। पति ने उसके साथ मारपीट की और सबके सामने तीन तलाक दे दिया। पीड़ित महिला की शिकायत पर प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
प्रेमनगर के भूड़ निवासी फरीन का निकाह क्षेत्र के अशरफ खां छावनी निवासी नदीम से हुआ था। फरीन ने बताया कि निकाह के कुछ दिन बाद नदीम और उसके परिजन बुलेट बाइक और 50 हजार रुपये की मांग करने लगे। फरीन गृहस्थी बचाने के लिए जुल्म बर्दाश्त करती रही। इसके बाद फरीन के देवर अजीम का निकाह हुआ। अजीम की शादी में ज्यादा दहेज मिला। इसके बाद ससुराल वाले फरीन का उत्पीड़न करने लगे।
फरीन का आरोप है कि ससुराल वाले उसके साथ आए दिन मारपीट करते थे। फरीन को दवा खिलाकर गर्भपात भी करा दिया गया। 27 अगस्त को उसे पीटकर घर से निकाल दिया। ननद और ननदोई के कहने पर नदीम ने उसे तीन तलाक दे दिया। फरीन की तरफ से प्रेमनगर थाने में नदीम, अजीम, चांदनी, यासमीन और आदिल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।