हाफिजगंज। चोरी करने घर में घुसे चोर को देख महिला ने शोर मचाया तो चोर बाइक पर बैठकर भागे। ग्रामीणों ने चोरी की आरोपियों को पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। बाकी उसके दो साथी वहां से भाग निकले। महिला ने नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामला संदिग्ध मान रही है। आरोपी ने चोरी से पहले गांव में बिजली के तार के फेस को उड़ा दिया। इससे गांव में अंधेरा छा गया।
थाना हाफिजगंज के गांव पृथ्वीपुर नवदिया निवासी विमला देवी पत्नी छोटेलाल ने बताया कि उसके पति पंजाब में काम करते हैं। वह मंगलवार की रात अपनी छत पर सो रही थी कि रात एक बजे खटपट की आवाज होने पर वह जाग गई और यह देख शोर मचाया तो घर में घुसे लोग वहां से बाइक पर बैठकर भाग निकले। इधर, शोर सुनने पर ग्रामीणों ने पीछा किया। आरोप है कि चोरों ने हवाई फायरिंग भी की, लेकिन तभी खेतों में पड़े तार में फंसकर तीनों गिर गए। ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दो भाग निकले। पकड़े गए चोर को पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया गया। ग्राम प्रधान ने चोरी के आरोपी से मारपीट की बात से इन्कार किया है।
पिछले वर्ष तीन भैंस चुरा ले गए थे
महिला ने बताया कि उक्त लोग पिछले वर्ष भी उसकी तीन भैसों को चुरा ले गए थे। ग्रामीणों का आरोप लगाया कि चोरी से पहले आरोपियों ने गांव की लाइन के फेस भी उड़ा दिए। इससे गांव में अंधेरा था। इसी का फायदा उठाकर चोरी करने की कोशिश की गई। इंस्पेक्टर पवन कुमार सिंह ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है।