अलीगंज। बीते कुछ दिनों से चल रही तेज हवाओं ने गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचाया है। देरी से गेहूं की बोआई करने वाले किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें हैं। वहीं, मार्च के महीने में अप्रत्याशित रूप से तापमान बढ़ने से भी गेहूं के उत्पादन पर विपरीत प्रभाव का अनुमान लगाया जा रहा है।
बीते तीन-चार दिनों से तेज हवाएं चल रही हैं। ग्राम सूदनपुर निवासी छोटेलाल, दान सिंह, चरन सिंह आदि काश्तकार ने बताया कि तेज हवा चलने से उनकी करीब 25 फीसदी गेहूं की फसल ढह गई है। उनका कहना है कि दिसंबर के महीने में गेहूं की बोआई की थी। गेहूं की फसल की सिंचाई करना जरूरी है। कुछ दिन से सिंचाई की जा रही थी। हैबतपुर निवासी किसान वीर सिंह ने भी अपनी गेहूं की फसल के नुकसान की बात कही है। उन्होंने बताया कि करीब 10 फीसदी फसल हवाओं की वजह से ढह गई है। ग्राम गैनी निवासी अरुण व धनेती खरगपुर निवासी ओमकार सिंह भी चिंतित हैं। संवाद