झमाझम बारिश हुई तो फसलों को होगा नुकसान
बेमौसम बारिश से रबी फसलों (गेहूं, सरसों, चना) की पैदावार प्रभावित होने की आशंका रहती है। प्रगतिशील किसान सर्वेश के मुताबिक, हल्की बारिश से कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा, पर लगातार या तेज बारिश हुई तो फसल सड़ने, पैदावार घटने, दानों की गुणवत्ता खराब होने की आशंका रहती है। अधिक नमी से कीट और फंगस का खतरा बढ़ता है। इससे बचने के लिए किसानों को खेत में जलनिकासी की व्यवस्था करनी चाहिए।
रविवार को खिलेगी धूप
विशेषज्ञ के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता बरकरार रहने पर शनिवार को भी रिमझिम के आसार हैं। इसके बाद रविवार को मौसम शुष्क हो जाएगा। धूप निकलने और उष्मीय विकिरण से न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री की बढ़त हो सकती है। शीतलहर से पूरी तरह राहत मिलने की संभावना है। 26 जनवरी को तापमान में गिरावट होगी, पर ठिठुरन का अहसास कम होगा। 27 जनवरी से फिर बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान मामूली गिरावट के बावजूद सामान्य से ऊपर बना रहेगा।
48 घंटे में कोल्ड डायरिया पीड़ित सात बच्चे भर्ती
बीते दिनों कड़ाके की ठंड और सप्ताहभर से हो रही चटक धूप से बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो रही है। मौसमी बदलाव से बच्चे कोल्ड डायरिया की चपेट में आ रहे हैं। 48 घंटे में गंभीर डायरिया की चपेट में रहे सात बच्चे जिला अस्पताल में भर्ती हुए हैं। वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. करमेंद्र के मुताबिक ठंड अब भी प्रभावी है। बच्चों को गर्म कपड़े, जूते-चप्पल पहनाएं और गुनगुना पानी पिलाएं।