टूटी पाइप लाइन से सड़क पर भरा पानी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
क्षेत्र के लोगों ने बताया कि तीन दिनों से टूटी है पानी की लाइन
बरेली। सुरेश शर्मा नगर में सड़क किनारे पाइप लाइन टूटने से घरों में पानी की किल्लत हो गई है। घरों में कम प्रेशर से पानी पहुंच रहा है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि तीन दिनों से यह दिक्कत बनी हुई है और जल निगम समस्या का समाधान नहीं कर रहा है।
क्षेत्र के राकेश और सुरेश ने बताया कि पाइप लाइन टूटने से पानी की किल्लत हो गई है। जल निगम को फोन भी किया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जल निगम के अफसरों ने फोन भी बंद कर लिए हैं। इस पर सुरेश शर्मा नगर के लोग 16 अगस्त को स्थानीय नगर निगम कार्यालय पहुंचे तो वहां कोई कर्मचारी भी मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा कि पहले भी नगर निगम से संबंधित समस्याएं आती रहती हैं लेकिन नगर निगम के अफसर कभी गंभीरता से कोई सुनवाई नहीं करते हैं। जल निगम जीएम राजेश यादव ने बताया कि उन्हें अभी इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। वह टीम भेजकर पता कराएंगे और जो भी समस्या है, उसका निस्तारण कराया जाएगा।