बहेड़ी/नवाबगंज/भमोरा। कौशांबी जिले में हुए हादसे के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। तहसील क्षेत्र के गांव लोदीपुर और मुरारपुर में बृहस्पतिवार को पटाखों की दुकानों और उनके भंडारण स्थलों का निरीक्षण किया गया। एसडीएम गोपाल शर्मा और सीओ अरुण कुमार सिंह ने निरीक्षण के दौरान दुकान संचालकों से लाइसेंस और सुरक्षा इंतजामों के बारे में जानकारी प्राप्त की। दोनों अधिकारियों के मुताबिक, दुकानदारों को को बिना लाइसेंस के पटाखों की खरीद-फरोख्त न करने की हिदायत दी गई है। निर्धारित सीमा से अधिक बारूद का भंडारण न करने की चेतावनी दी गई है। आपातकाल के लिए दुकानों में अग्निशमन यंत्र और जरूरी सुरक्षा उपकरण रखने की सलाह दी गई है। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
नवाबगंज में एसडीएम सचिन कुमार यादव ने पुलिस के साथ बरेली-पीलीभीत हाईवे पर राजघाट के पास दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा इंतजाम करने के अलावा ज्वलनशील पदार्थ न रखने की सलाह दी। भमोरा में एसडीएम आंवला सुशील मिश्र और सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने भी पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया। उनके मुताबिक, दुकानदारों को पटाखों की बिक्री व भंडारण के निर्धारित नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है।