नवाबगंज। विकासखंड नवाबगंज के ईधजागीर गांव में बारिश से सड़कें बदहाल हो गई हैं। मोहल्ला यासीन नगर से गुजरने वाली 800 मीटर लंबी सड़क पर कीचड़ और गड्ढे हो गए हैं। इससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों और बुजुर्गों को आवागमन परेशानी झेलनी पड़ती है।
गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाले इस रास्ते पर लंबे समय से मरम्मत की जरूरत है। बारिश के बाद जगह-जगह पानी भरने से फिसलन बढ़ गई है। राहगीरों को कीचड़ में पैर धंसाकर चलना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालक भी फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। मोहम्मद रशिद ने बताया कि 10 साल से सड़क पर ईंट बिछाने के बाद इसको कोई देखने वाला नहीं है। मोहम्मद अरशद ने बताया कि पैदल चलना भी मुश्किल है और स्कूली बच्चे व वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सड़क के किनारे जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। इस कारण बारिश का पानी रास्ते पर ही भर जाता है। कई गलियों में भी यही हाल है।
ईध जागीर के ग्राम प्रशासक प्रेमशंकर गंगवार ने बताया कि 800 मीटर सड़क नहर विभाग की पटरी के पास है। नहर की साफ-सफाई सही ढंग से न होने से पानी का निकास नहीं होता। सड़क पहले ग्राम समाज के अधीन थी, अब इसे लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सौंपा गया है। सड़क की मरम्मत को कार्ययोजना में डाल दिया गया है।
वर्जन,
एक साल पहले सड़क को कार्ययोजना में शामिल किया गया था लेकिन निर्माण नहीं हो सका। प्रत्येक साल में चार-पांच सड़कों की मरम्मत स्वीकृत होती है। इस सड़क पर खड़ंजा पड़ा हुआ है। कार्ययोजना में होने पर सड़क का निर्माण कराया जाएगा। - प्रदीप गंगवार, एई, लोक निर्माण विभाग, बरेली