ईरान, दुबई, तुर्किये में सबसे ज्यादा मांग
कारोबारियों के मुताबिक, जरी-जरदोजी से तैयार माल की सबसे ज्यादा मांग ईरान, दुबई, तुर्किये में है। इन देशों से ही आसपास के छोटे देशों के करीब 5,000 कारोबारी माल खरीदते हैं। ईद के बाद मुस्लिम समाज में शादियों का दौर शुरू हो जाएगा। यह ऐसे समय है जब जरी-जरदोजी की बिक्री सबसे ज्यादा होती है। जनवरी से ऑर्डर भी मिलने लगे थे, लेकिन जब माल भेजने का वक्त आया तभी युद्ध शुरू हो गया। ऐसे में कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ईद से पहले कारीगरों की जेब खाली
जरी-जरदोजी के कारीगर भी संकट में हैं। ईद का त्योहार सिर पर है, लेकिन हाथ में पैसे नहीं हैं। बरेली के फरीदपुर, बहेड़ी, रिछा, नवाबगंज आदि जगहों पर कारीगरों की अच्छी संख्या है। पूरा का पूरा परिवार इसी काम से जुड़ा है। निर्यात रुकने के कारण काम भी लगभग ठप हो चुका है। पहले से तैयार माल ही नहीं बिक रहा है। कारीगरों के सामने संकट है कि अबकी ईद कैसे मनाएं।
जरी-जरदोजी कारोबारी सुदीप राजगढ़िया ने बताया कि कई देशों को होने वाला निर्यात पूरी तरह ठप है। बरेली मंडल के कारोबारियों को करीब 100 करोड़ का नुकसान हुआ है। कारीगर भी परेशान हैं, क्योंकि त्योहार नजदीक है। इस बार बड़ा घाटा उठाना पड़ रहा है।