मौसम में बदलाव के संकेत
बदायूं जिले में मौसम का मिजाज बदला नजर आया। सुबह के समय हल्का कोहरा छा गया और वातावरण में धुंध बनी रही। इसके साथ ही बादलों की चादर भी फैली रही, जिससे मौसम में बदलाव के संकेत मिले। हालांकि दोपहर के समय हल्की धूप निकली, लेकिन पूरे दिन आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रही। कोहरे के कारण सुबह के समय लोगों को ठंडक का अहसास हुआ, लेकिन तापमान में खास गिरावट नहीं होने से दिन में हल्की गर्मी का असर बना रहा।
मौसम के इस बदलते मिजाज को लेकर लोगों में चर्चा रही। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण सर्दी, खांसी और वायरल जैसी बीमारियों के मामले भी बढ़ सकते हैं, इसलिए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने की जरूरत है। सोमवार और मंगलवार दोनों दिन सुबह छह बजे कोहरा आ गया था। हालांकि सोमवार को धुंध नहीं थी। सुबह छाया कोहरा हटने के बाद पूरे दिन बादल और धुंध छाई रही। बेमौसम आए कोहरे को लेकर लोगों में चर्चा आम रही।