19 जन्म प्रमाणपत्र बनाने के लिए 38 सौ रुपये लेते हुए कैमरे में कैद हुआ कुआंडांडा ब्लॉक का सचिव
विज्ञापन
मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत
फरीदपुर। कुआंडांडा ब्लॉक में तैनात एक सचिव का जन्म प्रमाणपत्र बनाने के लिए रिश्वत लेने का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में कार में बैठा सचिव 19 जन्म प्रमाणपत्र बनाने के लिए रिश्वत की रकम तय करने के लिए गांववालों से लंबी सौदेबाजी करने के बाद 3800 रुपये लेकर रखता दिख रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के साथ एक युवक ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की है।
कुआंडांडा ब्लॉक के गांव पड़ौली में 19 बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र बनने हैं। अलग-अलग प्रमाण पत्र बनाने पर गांववालों से एक-एक हजार रुपये घूंस मांगी जा रही थी। ऐसे में गांववालों ने सारे आवेदन इकट्ठे करके कुआंडांडा ब्लॉक में तैनात सचिव से संपर्क किया। एक हफ्ते पहले सचिव ने गांववालों को आवेदनपत्रों के साथ ब्लॉक पर बुलाया। वहां कार में बैठकर सचिव ने जन्मप्रमाण पत्र बनवाने के लिए गांववालों से सौदेबाजी की। उसके साथ एक और शख्स कार में बैठा दिख रहा है। वीडियो में सचिव 19 जन्म प्रमाणपत्र बनाने के 7300 रुपये मांग रहा है, जबकि गांववाले उससे 200 रुपये प्रति प्रमाणपत्र के हिसाब से 3800 रुपये लेने की बात कह रहे हैं। इस पर सचिव कहता है कि दो सौ रुपये तो कंप्यूटर ऑपरेटर ही ले लेता है। बाद में वह गांववालों से 3800 रुपये लेकर जेब में रख लेता है।
वीडियो में दिख रहा है कि गांववाले जब उससे रुपये गिनने को कहते हैं तो वह कहता है कि वह रुपये नहीं गिनता। इसके बाद सचिव गांववालों को जन्म प्रमाण पत्र की अहमियत समझाते हुए महाराष्ट्र के सांसद और विधायक की सदस्यता खत्म होने की बात कहकर ग्रामीणों को डराने लगता है। इस पूरे मामले का करीब 12 मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पड़ौली गांव में रहने वाले एक युवक ने सचिव की रिश्वत लेने की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की है।
मामला अभी-अभी मेरे संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी। यदि सचिव दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - अभय कुमार आर्य, प्रभारी एडीओ पंचायत