सुभाषनगर में ही किराये पर रहता था आरोपी, माल की बरामदगी में जुटी पुलिस
बरेली। सुभाषनगर के सील एरिया में कोरोना पीड़ित परिवार के घर चोरी का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। मुख्य आरोपी भी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम के हाथ आ गया है। टीम ने माल की बरामदगी को उसकी ननिहाल सिरौली के गुलड़िया गांव में दबिश दी। पुलिस को आरोपी की मां के पास माल होने का शक है।
अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित परिवार के घर में ताले तोड़कर चोरी होने की पुलिस को 13 अप्रैल की दोपहर में जानकारी मिली थी। शाम को दंपती ने सैनिटाइज कराने के बाद घर में प्रवेश किया तो पता चला कि चोर 13 लाख के जेवर समेत करीब 14 लाख का माल चोरी कर ले गए हैं। इसके बाद से पुलिस की टीमें चोरों की धरपकड़ में जुटी थीं। टीमों ने तीन दिन पहले सील इलाके के ही दो आरोपियों को पकड़ लिया। अब पुलिस ने बिशारतगंज के खजुरिया निवासी मुख्य आरोपी को भी दबोच लिया है। वह सुभाषनगर क्षेत्र की गली नंबर 11 में किराये पर रहता है। पुलिस को पता लगा कि वह घटना के बाद सिरौली के गांव गुलड़िया में दो दिन ननिहाल में रुका था। टीमों ने वहां दबिश दी पर चोरी गया अधिकांश माल बरामद नहीं हुआ। बताते हैं कि आरोपी की मां गायब है, उस पर चोरी का माल हो सकता है। पुलिस पकड़े जाने वाले आरोपियों का कोरोना संबंधी टेस्ट भी कराएगी।