हुलासनगरा क्रॉसिंग को बंद कर हाईवे के दोनों तरफ गड्ढों को भरने का काम जारी
फतेहगंज पूर्वी। हुलासनगरा क्रॉसिंग के समीप हाईवे के गड्ढों को भरने का काम गुरुवार को भी जारी रहा। इससे जाम के झाम में वाहन सात घंटे तक फंसे रहे। शाम छह बजे के बाद क्रॉसिंग खोला गया। इसके बाद भी देर रात तक यातायात सामान्य नहीं हो सका था। इधर, शाहजहांपुर और फतेहगंज पूर्वी पुलिस के रूट डायवर्जन से भी वाहन चालकों ने काफी दिक्कत झेली।
बरेली-सीतापुर हाईवे की जानलेवा गड्ढों को भरने के लिए गुुरुवार सुबह 11 बजे हुलासनगरा क्रॉसिंग को बंद किया गया। इससे लगने वाले जाम से निजात के लिए शाहजहांपुर की कटरा और फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने रूट डायवर्जन किया था। कटरा पुलिस ने बरेली की ओर जाने वाले वाहनों को कसरक, खुदागंज तथा जैतीपुर की ओर मोड़ा था। फतेहगंज पुलिस ने कटरा की ओर जाने से वाहनों को पहले ही रोककर जैतीपुर की ओर मोड़ा था। हालांकि इधर से कुछ ही वाहन निकले। इधर से गुजरने पर हाईवे से लगा जाम उचसिया गांव तक पहुंच गया। हालांकि दोपहर बाद आधे घंटे के लिए हुलासनगरा क्रॉसिंग को खोला गया था लेकिन कम समय में वाहनों का रेला नहीं गुजर सका।
एनएचएआई के एई अंकित दीक्षित ने बताया कि हाईवे के गड्ढों की मरम्मत का कार्य अभी कुछ और दिन जारी रहेगा। उधर, थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि शाम छह बजे हुलासनगरा क्रॉसिंग के खुलने के बाद जाम से लोगों को निजात मिल गई थी।