कोरोना वायरस से बचाव को सीबीएसई ने दी अनुमति
बरेली। देश भर में कोरोना वायरस से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इस बीच सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं की परीक्षा दे रहे अपने स्टूडेंट्स को इस वायरस से बचाने के लिए मास्क और हैंड सेनेटाइजर ले जाने की अनुमति दे दी है। सीबीएसई ने कहा है कि अगर स्टूडेंट्स चाहें तो परीक्षा केंद्र पर मास्क और सेनेटाइजर लेकर जा सकते हैं।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव अनुराग त्रिपाठी ने बुधवार को यह घोषणा की। कहा कि विद्यार्थी परीक्षा केंद्रों पर फेस मास्क और सेनेटाइजर ले जा सकेंगे। इसके अलावा उन्होंने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि स्टूडेंट्स को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक करें। इसके लक्षण और बचाव के बारे में भी जानकारी दे। सीबीएसई की अपनी गाइडलाइन में कहा है कि बार-बार हाथ धोने, छींकते या खांसते समय मुंह पर रुमाल रखने, टिश्यू पेपर रखें। अगर रुमाल नहीं है तो खांसते या छींकते वक्त कमीज की बाजू को मुंह के आगे ले आएं। अगर किसी छात्र को कोई बीमारी है तो वह इस दौरान स्कूल न आए।