बरेली में बरसात की वजह से सब्जियों की कीमतों में उछाल आया है। आलू और बैंगन जून के मुकाबले जुलाई में करीब दोगुने दाम पर बिक रहे हैं। टमाटर की कीमतों में तीन गुना उछाल आया है। शिमला मिर्च पांच तो हरी मिर्च आठ गुना महंगी बिक रही हैं। अन्य सब्जियों की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। इससे आम आदमी का रसोई का बजट बिगड़ गया है। कारोबारियों के मुताबिक, बारिश की वजह से सब्जियों की फसल खराब होने और आवक घटने से भाव बढ़े हैं।
सब्जी विक्रेताओं के मुताबिक, खेतों में पानी भरने से बदायूं, कासगंज से हरी सब्जियों की आवक प्रभावित हुई है। कई जगह जलभराव के कारण ट्रक मंडी तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इस वजह से दाम बढ़े हुए हैं। पहाड़ समेत दूसरे शहरों से आने वाली सब्जियों के दाम तेज के साथ बढ़े हैं।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: सपा जिला उपाध्यक्ष समर्थ मिश्रा के खिलाफ एक और एफआईआर, पार्टी के नेता ने ही लगाया आरोप
फुटकर बाजार में और महंगी बिक रहीं सब्जियां
थोक बाजार में महंगी होने के बाद फुटकर बाजार में सब्जियां और महंगी बिक रहीं हैं। ठेले वाले ग्राहकों से मनमानी रकम वसूल रहे हैं। थोक मंडी से 15 रुपये किलो आने वाली लौकी के 40 रुपये, 15 वाली तोरई के 35 रुपये वसूल रहे हैं। फुटकर में टमाटर 70 से 80 रुपये किलो बिक रहा है। फुटकर विक्रेता बंटी ने बताया कि सब्जियां मंडी से ही महंगी आ रही हैं। नहीं बिकने पर वे खराब हो जाती हैं। ऐसे में थोड़ा अंतर लेकर चलना पड़ता है।