लखनऊ। इज्जतनगर से चंड़ीगढ़ के बीच जल्द ही वंदे भारत एक्सप्रेस चलाई जा सकती है। पूर्वोत्तर रेलवे ने रेलवे बोर्ड को इज्जतनगर समेत कई रूटों पर वंदे भारत ट्रेन चलाने के लिए प्रस्ताव भेजा है। गोरखपुर से आगरा फोर्ट, बनारस से जबलपुर और लखनऊ से जयपुर के बीच भी वंदे भारत का प्रस्ताव है। जल्द ही बोर्ड से इसकी मंजूरी मिल सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने 4 अगस्त को रेलवे बोर्ड के साथ ही संबंधित रेलवे को भी प्रस्ताव भेजा है। स्वीकृति मिलते ही संचालन शुरू कर दिया जाएगा। रेलवे बोर्ड वंदे भारत के लिए गोरखपुर में शेड बनाने के लिए भी सहमत है, हालांकि अभी औपचारिक मंजूरी नहीं मिली है। संभावना जताई जा रही है कि 15 अगस्त के पहले मंजूरी मिल जाएगी। प्रस्ताव के मुताबिक लखनऊ के गोमतीनगर स्टेशन से जयपुर के लिए वंदे भारत का संचालन किया जाएगा। यह ट्रेन सुबह 5:50 बजे चलेगी और दोपहर 2 बजे जयपुर पहुंचेगी। वापसी में दोपहर 3 बजे जयपुर से चलकर लखनऊ रात 11 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन का संचालन शनिवार को छोड़कर सप्ताह के सभी छह दिन किया जाएगा। इसके अलावा गोरखपुर से आगरा फोर्ट वंदे भारत को सप्ताह में बृहस्पतिवार छोड़कर छह दिन चलाने की योजना है। इसी तरह बनारस से जबलपुर रूट पर भी छह दिन ट्रेन चलाई जाएगी। वहीं इज्जतनगर से चंडीगढ़ तक ट्रेन शनिवार को छोड़कर चलेगी। संवाद