बरेली। पिछले दिनों 21 गांवों को शत प्रतिशत प्रतिरक्षित करने की मिसाल कायम करने के बाद बुधवार को हुए मेगा वैक्सीनेशन (वृहद टीकाकरण) में भी फतेहगंज पश्चिमी सीएचसी ने रिकॉर्ड कायम किया है। जिले की सभी सीएचसी, पीएचसी, यूपीएचसी और वर्किंग प्लेस वैक्सीनेशन के सापेक्ष फतेहगंज पश्चिमी सीएचसी ने लक्ष्य से करीब दोगुना लोगों को प्रतिरक्षित किया है। भमोरा में सबसे कम टीकाकरण हुआ।
मेगा वैक्सीनेशन अभियान में फतेहगंज पश्चिमी सीएचसी को 34 सौ का लक्ष्य मिला था, लेकिन सीएचसी ने 5236 लोगों को प्रतिरक्षित कर जिले में पहला स्थान पा लिया। एमओआईसी संचित शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों में टीकाकरण के प्रति अलख जगाने में उपकेंद्र प्रभारी सक्रिय रहे। यही वजह रही कि मेगा वैक्सीनेशन में बड़ी संख्या में लोग टीका लगवाने पहुंचे।
उन्होंने बताया कि लक्ष्य तो पूर्वाह्न 11 बजे ही पूरा हो गया था। इसके बाद मुख्यालय से संपर्क कर वैक्सीन की करीब ढाई हजार डोज और मंगाई गई। उनमें भी शत प्रतिशत डोज का उपयोग किया गया। स्लॉट बुक करने की व्यवस्था भी सीएचसी पर की गई।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में बरेली 10वें पायदान पर है। यह टीकाकरण केंद्र प्रभारियों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों से ही संभव हो पाया है। जिले की रैंकिंग में जिन ब्लॉकों या टीकाकरण केंद्रों पर लक्ष्य पूरा नहीं हो सका है, उनसे वजह पूछी गई है।
माह भर में 21 गांव हुए सौ फीसदी प्रतिरक्षित
डॉ. संचित के मुताबिक, छह सितंबर को फतेहगंज पश्चिमी के पांच गांवों उनासी, नियोधना, सिरसा, पटवाइया के सभी 18 साल से अधिक आयु के व्यक्तिओं को प्रतिरिक्षत किया गया था। इसके बाद माह भर में 17 अन्य गावों को भी पूरी तरह प्रतिरक्षित कर लिया गया है। इसमें मनकरी, नौगवां, नई बस्ती, खरगपुर, सतुइया खास, सतुइया पट्टी, काशीपुर दूगीपुर, धौर सतुइया, केरा, मुबारकपुर, बगरउ, केर गौटिया, कनु नगला, फरीदापुर जागीर, अभयराजपुर, अंसारी मोहल्ला, मीरापुर, खजुरिया, शाहपुर हौशपुर, महिमा नगला शामिल हैं। इसमें नौगवां, अंसारी मोहल्ला, नई बस्ती नगर पंचायत के वार्ड हैं।
किस सीएचसी पर कितने लोग हुए प्रतिरक्षित
क्यारा सीएचसी पर 35 सौ, भमोरा में 2575, रामनगर में 3303, बहेड़ी में 3655, शेरगढ़ में 3738, फतेहगंज में 5236, मीरगंज में 3588, नवाबगंज 3056, क्योलडिया में 4008, बिथरी चैनपुर में 3474, फरीदपुर में 3301, कुआटांडा में 3110, मुड़िया नवीबक्श में 2887 लोग प्रतिरक्षित हुए। मेगा वैक्सीनेशन में ग्रामीण इलाकों के 52572 और शहरी क्षेत्र में 8380 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।