बरेली। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कोविड प्रोटोकॉल के साथ ही, टीकाकरण बेहद जरूरी है। लिहाजा, सुरक्षा चक्र अपनाने के लिए युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। सोमवार को बरेली के निजी अस्पताल में बने टीकाकरण केंद्र पर 18 साल से अधिक आयुवर्ग के कई लोगों ने निर्धारित कीमत अदा कर स्लॉट बुक कराने के बाद वैक्सीन लगवाने पहुंचे। कहा कि रुपये से ज्यादा जरूरी सुरक्षा चक्र है।
केंद्र सरकार ने दो दिन पहले 18 साल से अधिक आयुवर्ग के लोगों के लिए भी बूस्टर डोज लगने का आदेश जारी किया। हालांकि, वैक्सीन की बूस्टर डोज लोग निशुल्क नहीं लगवा सकते हैं। इसके लिए उन्हेें सरकार द्वारा निर्धारित कीमत देनी होगी। रामपुर गार्डन स्थित निजी अस्पताल में बने टीकाकरण केंद्र के संचालक डॉ. अतुल अग्रवाल के मुताबिक वे लोग जिन्हें वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज लगाए हुए करीब नौ माह पूरे हो चुके हैं, उन्हें वैक्सीन की बूस्टर डोज लगाई जा रही है। इसके लिए सरकार द्वारा निर्धारित 386.25 रुपये का भुगतान लाभार्थी कर रहे हैं। सोमवार को देर शाम तक 14 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।
बताया कि शनिवार को आदेश जारी होने के बाद रविवार से ही वैक्सीन की बूस्टर डोज लगाई जानी थी, लेकिन दोपहर दो बजे तक स्लॉट न खुलने की वजह से लोग बुकिंग नहीं करा सके थे। लिहाजा, सोमवार के लिए 14 लोगों ने बुकिंग कराई थी, जिन्हें वैक्सीन की बूस्टर डोज लगाई गई है। एडवर्स इवेंट्स फॉलोइंग इम्युनाइजेशन यानी एईएफआई का कोई भी केस नहीं मिला है। सभी पूरी तरह स्वस्थ हैं।
उज्ज्वल ने कराई पहली बुकिंग, लगी बूस्टर डोज
सिविल लाइंस के सराफा कारोबारी उज्ज्वल अग्रवाल कोरोना वैक्सीन की बूस्टर डोज लगवाने वाले पहले शख्स बन गए हैं। उज्ज्वल ने बताया कि उन्हें वैक्सीन लगे नौ माह पूरे हो चुके थे। बूस्टर डोज लगने का इंतजार था। आदेश की जानकारी मिलने पर उन्होंने स्लॉट बुक किया, कीमत अदा कर वैक्सीन लगवा ली। इसी तरह शुभम कुमार, प्रिंसी, फैजान करामात, योगेश सिंह, सरस्वती देवी आदि ने बूस्टर डोज लगवाई है।