बरेली। इज्जतनगर थाना पुलिस ने लिफाफा गैंग के चार लुटेरों को गिरफ्तार किया है, जो यात्रियों को ऑटो में बैठाकर लूटते और सुनसान जगह छोड़कर भाग जाते थे। उनसे एक ऑटो, 10 हजार रुपये और चाकू तमंचा भी बरामद किया गया है। इज्जतनगर इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि उनकी टीम बुधवार रात पुलिस बैरियर लगाकर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ऑटो आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोक लिया और उसमें बैठे चार लोगों को नीचे उतारकर तलाशी ली। उनमें दो लोगों के पास एक-एक तमंचा और एक व्यक्ति के पास से चाकू बरामद हुआ। तलाशी में उनके पास से 10 हजार रुपये भी मिले।
उन्होंने अपने नाम प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला बानखाना निवासी खुर्शीद, अशरफ खां छावनी निवासी अफरोज, किला थाना क्षेत्र में चौधरी तालाब निवासी इकरार और इज्जतनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला रहपुरा चौधरी निवासी इदरीश बताए।
उन्होंने स्वीकार किया कि वह शहर में ऑटो लेकर घूमते हैं। यात्री को अपने ऑटो में बैठा लेते हैं और फिर बहाने से कभी उनकी जेब काटते तो कभी रुपये निकाल लेते हैं। बाद में बहाना बनाकर यात्री को उतारकर चले जाते हैं। ब्यूरो