बरेली डिपो को छह, रुहेलखंड डिपो को मिलीं चार नई बसें
दिवाली से पहले ही बरेली डिपो को छह नई बसें मिल चुकी हैं। रुहेलखंड डिपो की चार नई बसों को लेकर आने के लिए भी चालकों को भेजा गया है। ये बसें बुधवार तक आने की उम्मीद है। दिवाली के दौरान चारों डिपो के एआरएम की ड्यूटी भी स्टेशनों पर रहेगी। लखनऊ से आए निर्देशों के तहत बरेली-कटरा मार्ग पर जाम, दुर्घटना आदि के चलते संचालन अवरुद्ध न हो, इसके लिए आरएम दीपक चौधरी क्रेन सहित अन्य इंतजाम कराएंगे। गाजियाबाद, मेरठ रूट पर भी अलग-अलग आरएम को जिम्मेदारियां बांटी गई हैं।
स्टाफ के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना
18 से 30 अक्तूबर तक ड्यूटी करने वाले जो चालक-परिचालक प्रतिदिन निर्धारित 300 किलोमीटर की दूरी अर्जित करेंगे, उन्हें 400 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से 13 दिन के 5850 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। निर्धारित किलोमीटर से अधिक चलने पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर हिसाब से रुपये मिलेंगे। कार्यशाला कर्मियों को भी प्रोत्साहन राशि की घोषणा की गई है।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने बताया कि यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। बसों की कमी भी नहीं होने दी जाएगी। अगर स्टाफ बिना अनुमति के गैरहाजिर होता है तो संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।