शिवपाल सिंह यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती
- फोटो : अमर उजाला
बसपा सुप्रीमो मायावती पर अमर्यादित टिप्पणी करने के मामले में सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव फंस गए हैं। बदायूं के सिविल लाइंस थाने में शिवपाल यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बसपा जिलाध्यक्ष आरपी त्यागी की ओर से थाने में दी गई तहरीर के आधार पर अपशब्द कहने और द्वेष बढ़ाने की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बसपा जिलाध्यक्ष का आरोप है कि शिवपाल सिंह यादव ने अपने बेटे आदित्य यादव की हार के डर की बौखलाहट में एक कार्यक्रम के दौरान मायावती के खिलाफ अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
Bareilly: प्रेम विवाह के 19 साल बाद आया ससुराल, साले ने कर दी हत्या; बीमार सास को देखने आया था जाकिर
इस वीडियो को उन्होंने और पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने तीन मई को देखा। इससे बहुजन समाज के करोड़ों लोगों की भावना को ठेस पहुंची है। उन्होंने बताया कि शिवपाल यादव के खिलाफ एफआईआर की मांग को लेकर बसपा का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को थाने पहुंचा था।
तब पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लौटा दिया था। वीडियो क्लिप सौंपे जाने के बाद रविवार रात शिवपाल यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। त्यागी ने यह भी आरोप लगाया कि शिवपाल सिंह का बयान महिलाओं के सम्मान के खिलाफ है।