उत्तर प्रदेश के हाफिजगंज थाने में सोमवार रात अंधविश्वास से जुड़ा एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। पशु तस्करी के आरोप में पकड़े गए दो युवकों में से एक ने रात होते ही अचानक अपने साथी यूसुफ की गर्दन दबाकर उटपटांग हरकत करना शुरू कर दिया। अंसार की हरकतें देख थाने में मौजूद सभी के होश उड़ गए। शोर-शराबा सुन कर आसपास के लोग भी थाने पहुंच गए।
इसके बाद पुलिसवालों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह किसी के कब्जे में नहीं आया। इसी बीच किसी ने उस पर भूत सवार हो जाने की शंका जताई। आनन-फानन में पुलिस ने पास के तांत्रिक को बुलाया, जिसके झाड़फुक के बाद अंसार सामान्य हो गया।
पुलिस ने बताया कि सोमवार रात चार लोग पशुओं को कार में डालकर ले जा रहे थे। पुलिस ने उनकी कार की घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दो तस्कर नदी में कूदकर भाग निकले। वहीं उनके साथी यूसुफ और अंसार को पकड़ कर हाफिजगंज थाने लाया गया और देर रात उसने यह तमाशा कर दिया। अब इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही है।