बरेली। यूपी बोर्ड परीक्षा थमने के बाद अब मूल्यांकन की तैयारियाें का दौर जारी है। परीक्षा की शुचिता बरकरार रखने के लिए परीक्षकों को केंद्र के बाहर से सामान मंगाने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें खानपान संबंधी जरूरी चीजें मुहैया कराने के लिए केंद्र परिसर में कैंटीन सुविधा मिलेगी।
उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन 19 मार्च से शुरू होकर दो अप्रैल तक चलेगा। इससे पहले 18 मार्च को सभी उप प्रधान परीक्षकों और परीक्षकों को मूल्यांकन संबंधी दिशा निर्देश और प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। मूल्यांकन के दौरान कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए सभी उप नियंत्रकों के लिए विस्तृत दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसके तहत परीक्षकों के मूल्यांकन कक्ष में प्रवेश के बाद प्रतिदिन निर्धारित समय से पहले बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। बरेली-मुरादाबाद मंडल के 35 मूल्यांकन केंद्र पर 15,784 परीक्षक उत्तरपुस्तिका का मूल्यांकन करेंगे।
बरेली में सरस्वती विद्यालय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में हाईस्कूल और राजकीय इंटर कॉलेज एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। क्षेत्रीय सचिव डॉ. नीरज कुमार पांडे के मुताबिक तैयारियां कर ली गई हैं।
परीक्षकों को आज वितरित होंगे नियुक्ति पत्र
बोर्ड से जारी कार्यक्रम के अनुसार मूल्यांकन से पूर्व उपस्थिति दर्ज कर परीक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। अनुपस्थित परीक्षकों की सूचना डीआईओएस को देनी होगी। 17 मार्च को वितरण प्रस्तावित है। उप नियंत्रकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे केंद्र में बाहरी व्यक्ति का प्रवेश न होने दें। वॉइस रिकॉर्डर, सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहें। उप प्रधान परीक्षक या अन्य परीक्षक मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर प्रवेश न करें। बंडलों बंडलों को मूल्यांकन कक्ष में पहुंचाने, मूल्यांकित उत्तरपुस्तिका के बंडल वापस रखवाने समेत अन्य जिम्मेदारी निभानी होगी।
परीक्षक कम हुए तो ऑनलाइन प्रक्रिया से होगी नियुक्ति
विषयवार उत्तरपुस्तिका की आवंटित संख्या के अनुपात में परीक्षकों की संख्या कम होने पर ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से नियुक्ति की जाएगी। ताकि पारदर्शिता बनी रहे। हाईस्कूल के विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों की उत्तरपुस्तिका के मूल्यांकन के लिए परीक्षकों का पैनल बनेगा। मूल्यांकन अवधि में प्रतिदिन विषयवार मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका की समीक्षा के साथ सूचना भेजनी होगी। प्रत्येक परीक्षक प्रतिदिन हाईस्कूल में 50, कुल अवधि में 700 (कला विषय में 80, कुल अवधि में 800), इंटर में 45, कुल अवधि में छह सौ उत्तरपुस्तिका का मूल्यांकन करेंगे।