बरेली। रु हेलखंड विश्वविद्यालय के नवीन छात्रावास में एक अदद शुद्ध पानी की मांग भी पूरी नहीं हो रही तो दूसरी ओर मेस में बन रही दाल में पानी ही पानी रहता है। कई शिकायतों के बाद भी जब हॉस्टल वार्डन ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया तो आक्रोशित छात्रों ने कुलपति कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। कुलपति के मौजूद न होने पर हॉस्टल वार्डन ने छात्रों को आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।
बुधवार को रुहेलखंड विश्वविद्यालय के छात्रों ने नवीन छात्रावास में अव्यस्था को लेकर एडमिन कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। कुलपति की मौजूदगी न होने की जानकारी के बाद भी छात्रों ने समस्या दूर होने तक धरना करने की चेतावनी दी। जब हॉस्टल वार्डन विजय बहादुर छात्रों की समस्या जानने पहुंचे तो छात्रों ने उन्हें आड़े हाथों लिया। सछास नेता गजेंद्र ने बताया कि पूर्व में कई बार छात्रों ने मौखिक और लिखित समस्या बताई, लेकिन निस्तारण नहीं किया गया। कहा, मंगलवार की शाम भी पानी की किल्लत थी, लेकिन वार्डन ने सुनवाई नहीं की। बुधवार को हो-हल्ले के बाद उन्हें नवीन छात्रावास ले जाकर अव्यवस्था दिखाईं, इसमें गंदगी से पटी पानी की टंकी, सबमर्सिबल खराब होने से पानी की किल्लत और मेन टैंक में पानी की समस्या समेत हॉस्टल मेस में पक रहा खराब खाना भी दिखाया। इस पर वार्डन ने पानी की समस्या को तत्काल दूर कराना शुरू कर दिया। वहीं खाने के बाबत संबंधित ठेकेदार को बेहतर खाना पकाने को कहा। साथ ही आगे से शिकायत मिलने पर बाहर किए जाने की भी चेतावनी दी।
इसके बाद हॉस्टल में रह रहे 230 छात्रों ने हस्ताक्षर किया हुआ कुलपति को संबोधित ज्ञापन हॉस्टल वार्डन को सौंपा और खामियां दूर न होने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी।