बरेली। बिजली की अघोषित कटौती व ट्रिपिंग मुसीबत बनी हुई है। बुधवार को कई इलाकों में उपभोक्ताओं ने बिजली संकट झेला। 33 केवी महानगर लाइन में खराबी आने के बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे आपूर्ति ठप हो गई। इस लाइन को 33 केवी जगतपुर लाइन से जोड़ने के लिए आधे घंटे का शटडाउन लिया गया। इस दौरान महानगर और जगतपुर इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
पुरानी पुलिस लाइन में शाम करीब छह बजे, सिटी फीडर पर 7:30 बजे, हार्टमैन पर 7:45 बजे कटौती हुई। सिटी सब्जी मंडी के आसपास भी अघोषित कटौती से जनता परेशान रही। वहीं, रामगंगा नगर आवासीय योजना में सुबह नौ बजे से ही दिन भर लो वोल्टेज की समस्या बनी रही।
टीपीनगर फीडर से जुड़े सेक्टर नौ में हर 15 मिनट बाद पांच मिनट के लिए बिजली गुल होती रही। उपभोक्ताओं ने हेल्प डेस्क और कंट्रोल रूम पर कॉल रिसीव न होने की बात कही। संवाद
किला में तीन दिन से समस्या
किला इलाके में तीन दिन से बिजली आपूर्ति को लेकर उपभोक्ता परेशान हैं। यहां दो फेस बंदकर एक ही फेस से बिजली आपूर्ति दी जा रही है। मिर्चिया टोला स्थित नीम की चढ़ाई के रहने वाले प्रणव गुप्ता ने बताया कि इसकी शिकायत हेल्पलाइन पर की गई मगर, कोई हल नहीं निकला।
आशुतोष सिटी में खुले ट्रांसफार्मर की शिकायत
राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संस्थान की अध्यक्ष नीलिमा पाठक ने शिकायत करते हुए कहा कि आशुतोष सिटी में रोड नंबर तीन पर रखे ट्रांसफार्मर को कवर नहीं कराया गया है। आसपास बच्चे खेलते हैं। गाय भी यहां घूमती रहती है, ऐसे में हादसे का खतरा है। वहीं, एक उपभोक्ता ने मोती पार्क फीडर के बड़े बाजार मार्केट में 1200 मीटर केबल डालने की मांग की। कहा कि अधीक्षण अभियंता भी मामले में नाराजगी जता चुके हैं। बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।