पुलिस की गिरफ्त में आरोपी लल्ला गद्दी और आरिफ
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के सेटेलाइट तिराहे से सोमवार रात गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को पूरे दिन अशरफ के गुर्गे लल्ला गद्दी से पूछताछ की गई। बिथरी थाने में लिखापढ़ी के बाद लल्ला और पीलीभीत निवासी आरिफ को देर रात जेल भेज दिया गया।
बरेली जिला जेल में बंद अशरफ के साले सद्दाम का दोस्त लल्ला गद्दी मुकदमे में नामजद होने के बाद से ही फरार था। सोमवार रात 11 बजे नाटकीय ढंग से लल्ला की गिरफ्तारी की गई। लल्ला पुल के नीचे पहुंचा। यहां से कुछ कॉल की गईं। थोड़ी देर में एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा सरकारी गाड़ी से पहुंचे और लल्ला को साथ ले गए। इस घटनाक्रम का वीडियो भी वायरल किया गया।
मंगलवार को पूरे दिन अधिकारियों ने लल्ला गद्दी के बारे में मीडिया से बात नहीं की। शाम को लल्ला को बिथरी थाने ले जाकर लिखापढ़ी कराई गई और गिरफ्तारी की बात अधिकारियों ने स्वीकार कर ली। लल्ला को सेटेलाइट तिराहे से रात 11 बजे उसी तरह गिरफ्तार दिखाया गया जो वीडियो में दिख रहा था।
साथ ही पीलीभीत के फीलखाना मोहल्ला निवासी आरिफ की गिरफ्तारी भी पुलिस ने स्वीकार कर ली। दोनों को देर रात कोर्ट में पेश कर दोनों को जेल भेज दिया गया। सूत्रों के मुताबिक दोनों आरोपियों को पुलिस ने पुलिस लाइन के एसओजी कार्यालय में रखकर पूछताछ की। विवेचक सीओ तृतीय आशीष प्रताप सिंह ने आरोपियों के बयान भी लिए।