बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि उदयपुर फाइल्स फिल्म न रिलीज होने दी जाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 की उदयपुर की घटना की निंदा भारत का एक-एक मुसलमान आज भी करता है। मगर, उस घटना पर बनाई गई उदयपुर फाइल्स फिल्म रिलीज होगी तो देश में तनाव बढ़ सकता है।
मौलाना ने कहा कि फिल्म में मुसलमानों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। मुस्लिम समुदाय के धार्मिक महापुरुषों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म के माध्यम से धार्मिक भावनाएं भड़काई गईंं हैं। मौलाना ने कहा कि मुसलमान भूखा-प्यासा रह सकता है, मगर अपने नबी पैगंबर-ए-इस्लाम की शान में छोटी से छोटी भी गुस्ताखी बर्दाश्त नहीं कर सकता। उदयपुर फाइल्स फिल्म का रिलीज होना देश हित में नहीं है। मौलाना ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री से बहुत उम्मीदें हैं। देश में अमन के साथ कानून व्यवस्था बरकरार रहने के लिए उदयपुर फाइल फिल्म रिलीज न होने दी जाए। ब्यूरो