भमोरा/आंवला। थाना क्षेत्र के गांव कीरतपुर नौगवां में एक मकान का लेंटर डालने की तैयारी के दौरान रविवार दिन में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को पहले सरकारी अस्पताल भमोरा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां से उनको जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, मोतीपुरा निवासी दन्हे राठौर (45) और अजयवीर शर्मा (25) मजदूरी करते हैं। दोनों कीरतपुर नौगवां निवासी महेंद्र सिंह के मकान पर लेंटर डालने के लिए जाल और शटरिंग तैयार करने का काम कर रहे थे। इसी दौरान दोनों सरिया लेकर नीचे से ऊपर जा रहे थे। तभी सरिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गई। करंट लगते ही दोनों मजदूर बुरी तरह झुलसकर नीचे गिर गए। हादसे के बाद अफरा-तफरी रही। भमोरा के सीएचसी प्रभारी डॉ. विवेक कुमार ने बताया कि मरीजों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। संवाद