रिछा-जहानाबाद और नवाबगंज-कुंडरा कोठी रोड पर अनदेखी से खतरा बरकरार
कुंडरा कोठी। क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों का संचालन सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। क्षमता से अधिक भार लेकर सड़कों पर दौड़ रहे वाहन कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। इसके बावजूद ओवरलोडिंग पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। ऐसे वाहनों से न केवल दूसरे राहगीरों की जान जोखिम में पड़ रही है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।
रिछा-जहानाबाद और नवाबगंज-कुंडरा कोठी रोड पर ओवरलोड वाहन अक्सर गुजरते देखे जा सकते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ओवरलोड वाहन सड़कों पर बेखौफ दौड़ते नजर आते हैं। अधिक भार होने के कारण कई बार वाहनों को नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है। इन वाहनों के कारण सड़क पर चलने वाले दोपहिया वाहन चालकों, साइकिल सवारों और पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने की मांग की है।
सीओ नीलेश मिश्रा ने बताया कि यातायात नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस वाहन चालकों को समय समय पर जागरूक करती रहती है। साथ ही ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई भी करती है। अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। संवाद